लोकसभा में इस वक्त जमकर हंगामा हो रहा है और सबसे ज्यादा शुक्रवार को उस वक्त सबसे ज्यादा हंगामे की स्थिति बन गई जब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के एक सवाल का जवाब देने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में कांग्रेस सांसद के एक बयान की आलोचना शुरू कर दी।
इस पर कांग्रेस के एक सदस्य हंगामा करते हुए सत्तापक्ष की अग्रिम पंक्ति तक पहुंच गए और विवाद बढ़ता देख लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की बैठक दोपहर एक बजे तक के लिए स्थगित कर दी। एक बजे बैठक दोबारा शुरू होते ही दोनों पक्षों के हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए फिर स्थगित कर दी।
संसद के बाहर राहुल गांधी ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री ने ऐसा मुद्दा उठाया जो मैंने कहीं बाहर कहा था, इसका प्रश्नकाल से कोई लेना देना नहीं था। वायनाड पर मेरे सवाल का जवाब हर्षवर्धन जी ने नहीं दिया। हमें संसद में बोलने नहीं दिया जा रहा, वो हमारी आवाज दबाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप टेलीविजन का जो कैमरा है उसके वीडियो को देख लीजिए, माणिक टैगोर जी ने किसी पर हमला नहीं किया, उल्टा उनपर हमला हुआ है।
दरअसल, प्रश्नकाल के दौरान बिरला ने राहुल गांधी को चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना से संबंधित उनका पूरक प्रश्न पूछने के लिए कहा। हर्षवर्धन ने कहा कि राहुल गांधी के प्रश्न का उत्तर देने से पहले मैं प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ उनके एक बयान का उल्लेख करना चाहूंगा और उसकी निंदा करना चाहूंगा, जिसमें उन्होंने कहा था कि छह महीने बाद देश के युवा प्रधानमंत्री को डंडे मारेंगे।
इसी दौरान कांग्रेस के सदस्य जोरदार तरीके से विरोध दर्ज कराने लगे और पार्टी सदस्य मणिकम टैगोर सत्ता पक्ष की अग्रिम पंक्ति के पास पहुंच गए और दूसरी ओर जवाब दे रहे हर्षवर्धन के ठीक सामने पहुंचकर हाथ दिखाकर विरोध जताने लगे। तमिलनाडु से कांग्रेस सदस्य टैगोर, हर्षवर्धन के बिल्कुल सामने पहुंच गए थे, जिन्हें रोकने के लिए कई मंत्री और बीजेपी सांसद आगे आ गए।
इसके बाद टैगोर के पीछे-पीछे केरल से कांग्रेस सदस्य हिबी इडेन भी सत्तापक्ष की ओर पहुंच गए। इस दौरान संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल, महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी सहित कई मंत्री और बीजेपी सदस्य उन्हें रोकने के लिए पहुंच गए। बीजेपी सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने सबसे पहले पहुंचकर टैगोर को रोकने की कोशिश की और वह उनसे नाराजगी में कुछ कहते भी दिखे।