दतिया में जिला कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि 7 मई को ग्वालियर में नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रेसवार्ता के दौरान जिला संगठन प्रभारी रामलखन दंडोतिया ने कहा कि गेहूं खरीदी में हो रही देरी से किसान बेहद परेशान हैं और उनकी आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है और उनकी अनदेखी की जा रही है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी हमेशा किसानों के साथ खड़ी रही है और उनकी आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर यह आंदोलन किया जा रहा है, ताकि सरकार को किसानों की समस्याओं का समाधान करने के लिए मजबूर किया जा सके।
कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान स्थिति में केवल वही लोग संतुष्ट हैं जो सत्ताधारी दल के करीब हैं, जबकि आम किसान हताश और निराश है। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।