1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने भरा राज्यसभा नामांकन, भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप

कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने भरा राज्यसभा नामांकन, भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप

मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर में कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया।

By: BS Yadav 
Updated:
कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने भरा राज्यसभा नामांकन, भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप

भोपाल स्थित मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर में कांग्रेस पार्टी की राज्यसभा प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और पदाधिकारियों की बड़ी उपस्थिति देखने को मिली, जिसने पार्टी की एकजुटता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ‘राहुल भैया’, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य कमलेश्वर पटेल, सीईसी सदस्य ओमकार मरकाम, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक और वरिष्ठ नेता जे.पी. धनोपिया सहित अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के पास तीसरा राज्यसभा सांसद चुनने के लिए आवश्यक संख्या नहीं होने के बावजूद तीसरे उम्मीदवार का नामांकन दाखिल किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र में खरीद-फरोख्त और दबाव की राजनीति करने का प्रयास कर रही है। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं और संविधान तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मीनाक्षी नटराजन की जीत भाजपा की राजनीति का जवाब होगी।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस महात्मा गांधी की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक उम्मीदवार की लड़ाई नहीं बल्कि विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस उम्मीदवार चुनाव में सफलता हासिल करेगी।

राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने भी भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा का वास्तविक चरित्र जनता के सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि यह संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की लड़ाई है और अंततः संविधान की जीत होगी। उन्होंने कांग्रेस विधायकों और नेताओं के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन का राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और जनहित के मुद्दों पर उनकी सक्रियता राज्यसभा में प्रदेश और देश की जनता की आवाज को मजबूती से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पार्टी ने विश्वास व्यक्त किया कि उनका संसद के उच्च सदन में प्रतिनिधित्व सामाजिक न्याय, संवैधानिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों को मजबूत करेगा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...