सतना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य की कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हालात बिगड़ चुके हैं और अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं।
श्री पटवारी ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के विधायक, मंत्री और उनके समर्थकों को अराजकता फैलाने की खुली छूट मिली हुई है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों को धमकाने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जो कानून व्यवस्था की स्थिति को दर्शाती हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मध्यप्रदेश अब जंगलराज की ओर बढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि जिस तरह पहले बिहार और उत्तरप्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठते थे, अब वही स्थिति मध्यप्रदेश में दिखाई दे रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम जनता के काम बिना रिश्वत के नहीं हो पा रहे हैं। उनके अनुसार भ्रष्टाचार भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली का हिस्सा बन चुका है।
जीतू पटवारी ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि देश में दर्ज कुल अपराधों का बड़ा हिस्सा मध्यप्रदेश में हो रहा है, जो सरकार की नाकामी को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा बेहद चिंताजनक स्थिति में है। हर दिन कई लापता और आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि राज्य सरकार अपराध और भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई करे और महिलाओं, दलितों, आदिवासियों, बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए।