1. हिन्दी समाचार
  2. Ujjain
  3. उज्जैन में महाकाल मंदिर की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता, सांसद ने केंद्र और राज्य सरकार को लिखा पत्र

उज्जैन में महाकाल मंदिर की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता, सांसद ने केंद्र और राज्य सरकार को लिखा पत्र

उज्जैन के महाकाल मंदिर की सुरक्षा को लेकर सांसद अनिल फिरोजिया ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर सीआरपीएफ तैनाती और अतिरिक्त सुरक्षा बल की मांग की है। उन्होंने सिंहस्थ 2028 को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया है।

By: Nivedita 
Updated:
उज्जैन में महाकाल मंदिर की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता, सांसद ने केंद्र और राज्य सरकार को लिखा पत्र

देवास में संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी के बाद विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। इसी को देखते हुए उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।

सीआरपीएफ तैनाती और अतिरिक्त सुरक्षा बल की मांग

सांसद अनिल फिरोजिया ने अपने पत्र में महाकाल मंदिर परिसर में सीआरपीएफ की तैनाती और अतिरिक्त सुरक्षा बल उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यह मंदिर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है, जहां हर साल करोड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

सिंहस्थ 2028 को लेकर बढ़ी तैयारियों की जरूरत

सांसद ने कहा कि वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ने की संभावना है। ऐसे में मंदिर और शहर की सुरक्षा व्यवस्था को अभी से मजबूत और अत्याधुनिक बनाना आवश्यक है। इस संबंध में उन्होंने उज्जैन रेंज के आईजी से भी चर्चा की है।

 

 

पहले भी भेजा जा चुका है सुरक्षा को लेकर पत्र

अनिल फिरोजिया ने बताया कि लगभग तीन महीने पहले भी उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर महाकाल मंदिर में सीआरपीएफ की तैनाती की मांग की थी। इसके बाद केंद्र सरकार की एक उच्चस्तरीय टीम ने उज्जैन पहुंचकर मंदिर परिसर और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया था।

धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील

देवास में हाल ही में हुई गिरफ्तारी के बाद सांसद ने कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर अधिक सतर्कता की आवश्यकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का आग्रह किया है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

 

रिपोर्ट – प्रियंक

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...