नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल में लगातार बढ़ते कोरोना केस के बाद राज्य में संपूर्ण लॉकडाउन को लगा दिया गया है, जो 16 मई से शुरू हो जायेगा। इस दौरान बंगाल में जरूरी सेवाओं को छोड़कर सबकुछ बंद रहेगा, लेकिन सिर्फ सीमित तक। किराने और सब्जी की दुकानें सुबह सात बजे से 10 बजे (सिर्फ 3 घंटे) तक खुलेंगी। जबकि सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बैंक खुलेंगे। लॉकडाउन में सरकारी और प्राइवेट दफ्तर बंद रहेंगे। लोकल ट्रेन, बस सेवा भी बंद रहेगी। सभी स्कूल भी बंद रहेंगे।
आपको बता दें कि हाल ही में संपन्न हुए चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करने के बाद ममता बनर्जी ने 5 मई को तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसी दिन उन्होंने बंगाल में 10 दिनों के लिए कई प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया था। अब इन प्रतिबंधों को बढ़ाकर 30 मई तक कर दिया गया है।
बता दें कि बंगाल में कल सबसे ज्यादा 20,846 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 10 लाख 94 हजार 802 हो गए है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बीमारी से 136 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या 12,993 हो गई है। हालांकि राज्य में गुरुवार से 19,131 लोग स्वस्थ हुए हैं।
आपको बता दें कि पिछले 24 घंटे देश में 3890 लोगों की मौत हुई है। एक साल में अब तक कुल 2,66,207 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें महाराष्ट्र में 79,552, कर्नाटक में 21,085, दिल्ली में 20,907, तमिलनाडु में 17,056, उत्तर प्रदेश में 16,957, पश्चिम बंगाल में 12,993, पंजाब में 11,477 और छत्तीसगढ़ में 11,461 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि जिन संक्रमित लोगों की मौत हुई है, उनमें से 70 फीसदी से अधिक लोग अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित थे।