उज्जैन कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभा कक्ष में आयोजित जनसुनवाई में जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
ग्राम जयरामपुरा (तहसील घट्टिया) की निवासी राजलबाई ने अपनी निजी कृषि भूमि पर कथित कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। मामले पर कलेक्टर ने तहसीलदार घट्टिया को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वहीं उज्जैन निवासी संदीप श्रीवास्तव ने शिकायत की कि पड़ोसी ने फुटपाथ पर अवैध दीवार बना ली है, जिससे बारिश के दौरान जलभराव, कीचड़ और यातायात बाधित हो रहा है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम नरसिंगा (तहसील बड़नगर) निवासी आयुष सुकवाया ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रायोगिक परीक्षा के संचालन में कथित अनियमितताओं और शासन की स्कूटी योजना से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की। इस पर भी कलेक्टर ने संबंधित विभाग को नियमानुसार जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में भूमि सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, अवैध कब्जा हटाने, रास्तों से अतिक्रमण हटाने, नालियों की सफाई सहित कई अन्य मामलों पर भी अधिकारियों को त्वरित जांच और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर शाश्वत शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने भी विभिन्न मामलों में जनसुनवाई कर आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।