नई दिल्ली : महाराष्ट्र में जारी कोरोना केस के थमती रफ्तार के बीच सीएम उद्धव ठाकरे ने 18 जिलों में अनलॉक करने का फैसला लिया गया है। जिसका निर्णय डिजास्टर मैनेजमेंट की बैठक में लिया गया है। आपको बता दें कि राज्य के जिन जिलों में पॉजिटिविटी रेट 5% से कम है या ऑक्सीजन के बेड 25 फ़ीसदी से कम ऑक्यूपाइड है ऐसे 18 जिलों में जिम, मॉल, रेस्टोरेंट्स, सलून, थिएटर, फिल्म शूटिंग, शादी समारोह के लिए इजाजत दी गई है।
बता दें कि राज्य सरकार ने महाराष्ट्र को 5 लेवल में विभाजित किया है। इसमें राज्य की राजधानी मुंबई को level-2 में रखा गया है।
कौन सा जिला कौन से लेवल में-
Level 1- औरंगाबाद, नासिक, भंडारा. बुलढाणा, नागपुर, नांदेड़, नाशिक, ठाणे, परभणी, गोंदिया, गडचिरोली, वर्धा, वाशिम, चंद्रपुर, लातूर, यवतमाल, धुले जालना।
Level 2- मुंबई, मुंबईउप-नगर, अमरावती, हिंगोली, नंदुरबार, अहमदनगर।
Level 3- कोल्हापुर, सांगली,अकोला, रत्नागिरी, उस्मानाबाद, बीड, सिंधुदुर्ग।
Level 4- पुणे, रायगढ़
मंत्री विजय वडेट्टीवार ने घोषणा करते हुए साफ कर दिया है कि जो जिले लेवल वन में आ रहे हैं वही पूरी तरीके से अनलॉक होंगे। यहां हर ऑफिस में 100% उपस्थिति हो सकेगी। हालांकि कलेक्टर और महानगरपालिका कमिश्नर को इस बात का ख्याल रखना होगा कि संक्रमण की दर 5 फ़ीसदी के अंदर ही रहे। मुंबई को अनलॉक होने के लिए अभी थोड़ा इंतजार और करना होगा। हर शुक्रवार को कलेक्टर और कमिश्नर स्थानीय लेवल पर पॉजिटिविटी रेट के संबंध में रिव्यू करेंगे।
जानकारी के मुताबिक मुंबई में फिलहाल पॉजिटिविटी का रेट 5.53 फीसदी है। लिहाजा उम्मीद की जा रही है कि अगले सप्ताह तक मुंबई भी अनलॉक हो सकेगा। हालांकि राज्य सरकार ने फिलहाल आम आदमी को लोकल में सफर करने की इजाजत नहीं दी है।
वहीं दूसरे देशों से और दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों को महाराष्ट्र में आने से पहले आरटी पीसीआर टेस्ट कराना अनिवार्य होगा। राज्य सरकार ने इस फैसले को वापस नहीं लिया है।