1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. नक्सलवाद और वंदे मातरम् विवाद पर CM मोहन यादव का कांग्रेस पर हमला, बोले- राष्ट्रहित

नक्सलवाद और वंदे मातरम् विवाद पर CM मोहन यादव का कांग्रेस पर हमला, बोले- राष्ट्रहित

भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नक्सलवाद के मुद्दे पर पूर्ववर्ती सरकारों को घेरा और मौजूदा सरकार की सख्त सुरक्षा नीति का उल्लेख किया। वहीं, ‘वंदे मातरम्’ से जुड़े कथित विवाद पर उन्होंने कांग्रेस की आलोचना करते हुए राहुल गांधी और सोनिया गांधी से देश से माफी मांगने की मांग की।

By: Nivedita 
Updated:
नक्सलवाद और वंदे मातरम् विवाद पर CM मोहन यादव का कांग्रेस पर हमला, बोले- राष्ट्रहित

भोपाल।  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नक्सलवाद और देश की आंतरिक सुरक्षा के मुद्दे पर पूर्ववर्ती सरकारों को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि भारत अब आतंकवाद और देश विरोधी ताकतों का मजबूती से मुकाबला करने की क्षमता रखता है। मुख्यमंत्री ने सुरक्षा नीति में आए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय सेना दुश्मनों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने में सक्षम है।

बोले- नक्सलवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक दौर में नक्सलवाद की वजह से कई क्षेत्रों में आम लोगों के बीच भय का माहौल बना हुआ था। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में नक्सली हिंसा में एक मंत्री की हत्या का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस समय इस चुनौती का अपेक्षित तरीके से मुकाबला नहीं किया गया। डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ कठोर रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि अब नक्सली हिंसा के दौर को समाप्त करने की दिशा में निर्णायक कदम उठाए जा चुके हैं और देश या प्रदेश में अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों को सुरक्षा बल मुंहतोड़ जवाब देंगे।

वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ को लेकर चल रहे विवाद पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने सोशल मीडिया पर सामने आए कथित वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि राष्ट्रीय गीत से जुड़ी किसी भी तरह की अनादरपूर्ण घटना स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्रभावना का अपमान है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान ‘वंदे मातरम्’ देशवासियों के लिए प्रेरणा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक रहा। आजादी के लिए संघर्ष करने वाले अनेक लोगों ने राष्ट्र के प्रति समर्पण के साथ अपने प्राणों का बलिदान दिया।

राहुल गांधी और सोनिया गांधी से मांगी माफी

डॉ. मोहन यादव ने इस मामले को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी और सोनिया गांधी से देश की जनता से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कांग्रेस इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करेगी और कथित घटना को लेकर जनता के सामने अपनी बात रखेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रभावना और देश के सम्मान से जुड़े विषयों पर राजनीतिक दलों को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...