रिपोर्ट: सत्यम दुबे
देहरादून: यूपी की योगी सरकार की तरह अब उत्तराखंड की धामीं सरकार ने भी प्रदेश की बहन-बेटियों के लिए रक्षाबंधन के दिन निशुल्क बस यात्रा का तोहफा दिया है। इस संबंध में बुधवार को आदेश जारी हो गया। सीएम धामी के निर्देशों के बाद परिवहन सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने मुफ्त बस यात्रा को लेकर आदेश जारी किया।
आपको बता दें कि परिवहन सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने परिवहन निगम के एमडी को भेजे आदेश में कहा है कि कोविड महामारी के दृष्टिगत राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर बस संचालन के लिए जारी आदेशों का पालन सुनिश्चित करते हुए रक्षाबन्धन के दिन प्रदेश की महिलाओं को प्रदेश के अंदर उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित रोडवेज बसों के किराये में शत-प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
आगे उन्होने कहा है कि इस सुविधा को देने पर होने वाले खर्च को सरकार वहन करेगी। इस घोषणा के तहत छूट का लाभ केवल राज्य के भीतर यात्रा करने पर ही मिल सकेगा। इसके साथ ही प्रदेशभर में शासन ने मुहर्रम के अवकाश का नया आदेश जारी किया है। पहले यह अवकाश 19 अगस्त को होना था, लेकिन चांद की तारीख के हिसाब से मुहर्रम 20 अगस्त को है।
सरकार ने अब 20 को मुहर्रम का अवकाश घोषित कर दिया गया है। इस दौरान बैंक, कोषागार, उप कोषागार को छोड़कर सभी सरकारी दफ्तरों में अवकाश रहेगा। सचिव प्रभारी विनोद कुमार सुमन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए।
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर योगी सरकार प्रदेश की महिलाओं को हर साल सौगात देती है। इस साल भी 21 अगस्त को रक्षाबंधन का पावन पर्व है। उत्तर प्रदेश सरकार और उत्तराखंड सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है।