नई दिल्ली : आधार कार्ड अब हमारे जीवन का अहम दस्तावेज बन गया है। इसके बिना हमारा हर काम अधूरा है। क्योंकि गैस बुकिंग करना हो या मोबाइल नंबर लेना हो, या बैंक अकाउंट जैसे और कोई भी काम करवाना हो, सभी में आधार कार्ड की मांग की जाती है। अगर आपके आधार कार्ड में किसी तरह की कोई गलती होती हैं तो आप उस सुविधा या सरकारी सुविधा का लाभ लेने से वंचित रह जाते है। इसके लिए सरकार ने कई सारी सुविधा दी है।
अगर आपके आधार कार्ड में नाम, पता या जन्म तिथि गलत हो तो आप उसका सुधार भी करवा सकते है। ऐसे में यह खबर आपके लिए है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) की ओर से यह जानकारी दी गयी है कि देश भर में 166 आधार सेवा केंद्र खोले जा रहे हैं, जहां आधार नामांकन और पते में बदलाव जैसी सेवा दी जायेगी।
यूआईडीएआई के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौरव गर्ग ने गाजियाबाद में आधार सेवा केंद्र के शुभारंभ पर यह जानकारी दी कि देश में अबतक 58 केंद्र काम करना शुरू कर चुके हैं। इच्छुक व्यक्ति इन आधार सेवा केंद्रों (एएसके) में आधार नामांकन और पते में बदलाव जैसी सेवाओं के लिए जा सकते हैं।
यूआईडीएआई के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौरव गर्ग ने गाजियाबाद में आधार सेवा केंद्र के शुभारंभ पर कहा, यूआईडीएआई ने देशभर के 122 शहरों में 166 आधार सेवा केंद्र संचालित करने की योजना बनाई है। इनमें से अब तक 58 केंद्रों की स्थापना पूरी हो चुकी है और उन्होंने काम करना शुरू कर दिया है।
उन्होंने बताया यह सभी केंद्र वातानुकूलित है और इन्हें बैठने की पर्याप्त क्षमता के साथ डिजाइन किया गया है तथा इन्हें दिव्यांगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर और सड़क परिवहन, राजमार्ग और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री वी के सिंह ने गाजियाबाद में संयुक्त रूप से उत्तर प्रदेश में स्थित इस पांचवें आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन किया।