लखनऊ विश्वविद्यालय ने सत्र 2020-21 में प्रवेश के लिए आवेदन करने की तिथि बढ़ा दी है। कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय की अध्यक्षता में रविवार को हुई प्रवेश समिति की ऑनलाइन बैठक में यह फैसला लिया गया। स्नातक और स्नातक (मैनेजमेंट) कार्यक्रमों में मेरिट के आधार पर प्रवेश लेने के प्रस्ताव पर भी मुहर लग गयी। प्रवेश कक्षा 12 में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा।
17 तक कर सकते हैं आवेदन :
प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश श्रीवास्तव ने बताया कि फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 17 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। सभी आवेदकों को अपने दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे। पोर्टल पर दस्तावेजों को 5 अगस्त से अपलोड कर सकेंगे। अपलोड करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त है। मेरिट सूची उसके बाद घोषित की जाएगी।
ऑनलाइन ऑफ कैंपस काउंसलिंग :
प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय अपने सभी स्नातक और स्नातक (मैनेजमेंट) कार्यक्रमों के लिए ऑनलाइन ऑफ कैंपस काउंसलिंग प्रक्रिया को अपनाएगा। छात्र कहीं भी बैठकर काउंसलिंग में शामिल हो सकेंगे और प्रवेश की प्रक्रिया को पूरा कर सकेंगे। इसके अलावा, एलएलबी (5 वर्ष) में सीटें वर्तमान 120 से बढ़ाकर 160 की जाएंगी। सत्र 2021 – 22 के लिए एमबीए कार्यक्रमों में प्रवेश कैट (कॉमन एडमीशन टेस्ट) के माध्यम से होगा।
इन प्रमाण पत्रों की होगी जरूरत :
12 वीं या स्नातक की मार्कशीट की इंटरनेट कॉपी, कैटेगरी प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, एनसीसी प्रमाण पत्र, खेल प्रमाण पत्र, स्वतंत्रता सेनानी प्रमाण पत्र, विश्वविद्यालय कर्मचारी वार्ड प्रमाण पत्र, वार्ड ऑफ कॉलेज टीचर प्रमाण पत्र, रक्षा कार्मिक / आश्रित प्रमाण पत्र, दिव्यांग प्रमाण पत्र