बुरहानपुर जिले में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से केले की फसल को हुए भारी नुकसान के बीच नेपानगर विधायक मंजू राजेंद्र दादू ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अपना जन्मदिन उत्सव न मनाने का निर्णय लिया है।
12 जून को जन्मदिन होने के बावजूद विधायक ने समर्थकों से केक काटने और उत्सव मनाने के बजाय पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस समय किसानों के दुख में शामिल होना ही असली संवेदना है।
विधायक ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि यदि अधिक पेड़-पौधे होते तो प्राकृतिक आपदा का प्रभाव कम हो सकता था। उन्होंने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, इसलिए ऐसे समय में कोई भी उत्सव मनाना उचित नहीं है। यह समय एकजुट होकर किसानों के साथ खड़े होने का है।
विधायक ने कहा कि किसानों के दुख की घड़ी में संवेदनशीलता दिखाना और प्रकृति को बचाना ही सबसे बड़ी शुभकामना है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।