नालंदा जिले के नूरसराय बाजार में प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा बुलडोजर एक्शन लिया है। सड़क किनारे अवैध कब्जा कर बनाए गए पक्के ओट और निर्माण कार्यों को जेसीबी मशीन की मदद से जमींदोज कर दिया गया। प्रशासन की इस अचानक और कड़ी कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया और अवैध कब्जाधारियों में खलबली मच गई है।
कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए सीओ दीपक कुमार ने बताया कि स्थानीय प्रशासन की ओर से पिछले कई दिनों से अतिक्रमणकारियों को लगातार चेतावनी दी जा रही थी। उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि वे स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा प्रशासन पुलिस बल के साथ मिलकर बलपूर्वक कार्रवाई करेगा। जब तय समय सीमा के बाद भी कब्जाधारियों ने खुद से अवैध निर्माण नहीं हटाया, तब प्रशासन को यह सख्त कदम उठाना पड़ा।

प्रशासन की इस कार्रवाई के पीछे मुख्य वजह सड़क का विस्तार भी है। मिली जानकारी के अनुसार, हिलसा-नूरसराय मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य तेजी से शुरू होने वाला है। इस सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे कई अन्य पक्के मकानों और अवैध हिस्सों को पहले ही चिन्हित किया जा चुका है, जिन पर आने वाले दिनों में प्रशासन का बुलडोजर चलना तय माना जा रहा है।
सड़क और रास्तों के अलावा नूरसराय क्षेत्र में नालों को पाटकर (भरकर) किए गए अतिक्रमण को भी अभियान चलाकर हटाया जा रहा है। जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन का यह विशेष अभियान लगातार जारी है, ताकि बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।