बुलन्दशहर से जावेद खान की रिपोर्ट
खबर यूपी के बुलंदशहर से है जहां बेटी पैदा होने से नाराज एक युवक ने अपनी पत्नी को तीन तलाक देकर घर से बाहर निकाल दिया। पीड़ित महिला ने इस मामले में पति समेत चार लोगों खिलाफ थाने में शिकायत करवाई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की तलाश जारी है और उनके ऊपर कड़ी कार्यवाही की जायेगी।
दरअसल बुगरासी के मोहल्ला व्यापरियान निवासी सना खान पुत्री मुजम्मिल की शादी 10 अगस्त 2014 को हापुड़ की आवास विकास कालोनी निवासी उमर खान के साथ हुई थी।
शादी के बाद सना के लगातार दो बेटियां होने से नाराज उसके पति ने मारपीट कर सना को तलाक दे दिया और घर से बाहर निकाल दिया।
सना का आरोप है कि शादी के बाद उसका पति और ससुराल वाले लगातार उससे पैसे की डिमांड करते थे। डिमांड पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।
हालांकि अभी तक पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की है। सीओ मनीष यादव ने बताया कि दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी होगी।