गुवाहाटी: देश में बड़े पैमाने पर चुनावी घमासान मचा हुआ है। एक साथ 5 राज्यों मे चुनाव होने के कारण राजनीतिक दल भी सारी रणनीतियां सोच समझकर बना रहे हैं और जनता से अपने सभी चुनावी वादों को पूरा करने की बात कह रहे हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने भी मंगलवार को असम में अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुवाहाटी में जनता के सामने अपना संकल्प पत्र रखते हुए कईं बड़ी बातें कही हैं।
संपल्प पत्र जारी करते हुए नड्डा का मुख्य जोर गरीबी, शिक्षा और असम को घुसपैठिया मुक्त बनाने पर रहा, जिसके लिए जे पी नड्डा ने सरकार बनने के बाद राज्य में NRC लागू किए जाने का भी वादा किया। बता दें कि असम की 126 सीटों पर तीन चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में कुल 47 सीटें हैं। दूसरे में 39 और तीसरे चरण में 40 सीटों पर मतदान होगा। मतगणना 2 मई को होगी।
भाजपा के संकल्प पत्र की मुख्य बातें–
- राज्य में NRC को कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए लागू किया जाएगा, सभी घुसपैठियों की पहचान की जाएगी।
- हर क्षेत्र की मदद और बढावा देने के लिए ‘आत्मनिर्भर असम’ अभियान चलाया जाएगा।
- सरकारी स्कूलों के छात्रों को मुफ्त शिक्षा देने के साथ-साथ कक्षा-8 तक की छात्राओं को साइकिल देने का ऐलान किया गया है।
- असम की जनता को बाढ़ के प्रकोप से बचाने के लिए ‘मिशन ब्रह्मपुत्र’ की शुरुआत की जाएगी।
- 30 लाख परिवारों को अरूणोदय योजना के तहत प्रतिमाह 3 हजार रुपये की मदद की जाएगी।
- सभी अवैध निर्माण को हटाया जाएगा और नामघरों को 5 लाख रुपये की मदद दी जाएगा।
- परिसीमन प्रक्रिया को बढाया जाएगा।
- स्टार्टअप के जरिए रोजगार बढाने के लिए स्वामी विवेकानंद के नाम से भी योजना चलाई जाएगी।
- आम लोगों को मजबूती देने के लिए सभी को जमीन की मल्कियत का अधिकार दिया जाएगा।
- निजी क्षेत्रों में 8 लाख लोगों को रोजगार के साथ-साथ 30 मार्च 2022 तक 2 लाख लोगों को सरकारी नौकरियां दी जाएंगी।