प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान के खिलाफ भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है राजधानी में राज्य मंत्री कृष्णा गौर के बाद इंदौर में कविता पाटीदार और बुरहानपुर की विधायक और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अर्चना चिटनीस ने भी जीत पटवारी पर निशाना साधते हुए उन्होंने इमरती देवी पर दिए गए बयान की निंदा करते हुए कहा कि, जीतू पटवारी ने गंदी घिनौंनी मानसिकता और नीच शब्दों का प्रयोग किया है।

इससे पूरे देश-प्रदेश की महिलाएं आहत है इस अपमान का बदला आने वाले चुनाव 7 मई और 13 मई को मातृशक्ति लेगी। इस तरह पूर्व महिला बाल विकास मंत्री और दलित महिला इमरती देवी को लेकर रस को लेकर बात करना घिनोना है गंदा है हम सब इसकी भरसक निंदा करते हैं।
बता दें कि, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के इमरती देवी पर एक विवादित बयान दिया था। जिस वजह से सियासी गर्माहट तेज हो गई है। दरअसल कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में वायरल हो रहे इमरती देवी के ऑडियो पर जीतू पटवारी ने कहा था कि ‘देखो ऐसा है, अब इमारती जी का रस खत्म हो गया है, जो अंदर चाशनी होती है, अब कुछ बाकी नहीं’ रहा। उनके इस बयान के बाद अब भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अर्चना चिटनीस ने निंदा करते हुए कहा है कि इस अपमान का बदला आने वाले चुनाव 7 मई और 13 मई को मातृशक्ति लेगी।
जहां जीतू जाएंगे, काले झंडे दिखाए जाएंगे
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी। जीतू पटवारी का पुरजोर विरोध किया जाएगा। पटवारी द्वारा भाजपा नेता इमरती देवी के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की गई है, जिसके विरोध में भाजपा कार्यकर्ता एवं महिला मोर्चा विरोध प्रदर्शन करेंगे। जीतू का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। वे जिस जिले में जाएंगे, वहां उन्हें काले झंडे दिखाए जाएंगे।

आशीष अग्रवाल की पोस्ट:
बीजेपी नेता आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की घृणित मानसिकता। महिलाओं में रस ढूंढते हैं कांग्रेसी। जिन जीतू पटवारी को भाजपा की एक दलित नेत्री में रस कम नजर आता है। क्या वहीं जीतू पटवारी सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी को भी इस नजर से ही देखते हैं।

इमरती बोलीं- जीतू के खिलाफ FIR कराएंगे
जीतू पटवारी के बयान के बाद इमरती देवी ने कहा कि वो पटवारी के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराएंगीं। बता दें कि डबरा सीट से लगातार तीन बार चुनाव जीतने वालीं इमरती देवी कमलनाथ सरकार में महिला और बाल विकास मंत्री भी रह चुकी हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ इमरती ने भी कांग्रेस का हाथ छोड़ दिया था। भाजपा में शामिल होने के बाद इमरती देवी ने उपचुनाव और फिर 2023 में विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन जीत नहीं मिली।
बता दें कि जीतू पटवारी ने विवाद होने के बाद अपने बयान पर सफाई दी है। उन्होंने कहा, “मेरे एक बयान को तोड़मरोड़ कर, गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया जा रहा है। मेरी मंशा सिर्फ सवाल के जवाब को टालने की थी। इमरती जी मेरी बड़ी बहन जैसी हैं और बड़ी बहन मां के समान होती है। यदि फिर भी किसी को ठेस पहुंची हो, तो मैं खेद व्यक्त करता हूं।”
ग्वालियर में दिया था बयान
जीतू का 16 सेकेंड का ये वीडियो ग्वालियर का बताया जा रहा है। जीतू गुरुवार रात कांग्रेस जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा से मिलने उनके घर पहुंचे थे। इसके बाद मीडिया से बातचीत में इमरती देवी को लेकर यह बयान दिया। जीतू इससे पहले मुरैना में प्रियंका गांधी की सभा में शामिल हुए थे। प्रियंका कांग्रेस लोकसभा प्रत्याशी सत्यपाल नीटू सिकरवार के समर्थन में सभा करने आई थीं।