1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. Bihar Election 2020: शिवसेना ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट, ठाकरे पिता-पुत्र भी करेंगे प्रचार

Bihar Election 2020: शिवसेना ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट, ठाकरे पिता-पुत्र भी करेंगे प्रचार

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
Bihar Election 2020: शिवसेना ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट, ठाकरे पिता-पुत्र भी करेंगे प्रचार

बिहार विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने के बाद शिवसेना ने भी ताल ठोंक दी है। बिहार चुनाव में शिवसेना ने 50 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारने का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही, चुनाव प्रचारकों की सूची भी जारी कर दी है।

इस सूची में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे, संजय राउत प्रियंका चतुर्वेदी, उद्योगमंत्री सुभाष देसाई, पूर्व सांसद चंद्रकांत खैरे, सांसद अनिल देसाई, विनायक राऊत, अरविंद सावंत गुलाबराव पाटिल, राजकुमार बाफना, राहुल शेवाले, कृपाल तुमाणे, सुनील चिटणीस, योगराज शर्मा, कौशलेन्द्र शर्मा, विनय शुक्ल, गुलाब दुबे, अखिलेश तिवारी और अशोक तिवारी चुनाव प्रचार में शामिल है। पार्टी ने चुनाव आयोग को अपने स्टार प्रचारक की लिस्ट भेज दी है। इसके साथ ही महाराष्ट्र के दिग्गज नेता शरद पवार भी एनसीपी के लिए बिहार में चुनाव प्रचार करेंगे।

शिवसेना ने गुरुवार को 22 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है। शिवसेना अध्यक्ष और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे बिहार चुनाव में पार्टी कैंडिडेट के लिए चुनाव प्रचार करते नजर आ सकते हैं। उद्धव के अलावा उनके बेटे आदित्य ठाकरे भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल हैं।

महाराष्ट्र में शिवसेना का चुनाव चिन्ह धनुष-बाण है। लेकिन बिहार में इस चिन्ह पर शिवसेना चुनाव नहीं लड़ सकेगी। दरअसल, जद के आक्षेप के बाद चुनाव आयोग ने शिवसेना का यह चुनाव निशान जब्त कर लिया है। इसलिए पार्टी की ओर से चुनाव चिन्ह के लिए तीन विकल्प सुझाए गए हैं। एक-दो दिन में बिहार चुनाव के लिए शिवसेना को नया चुनाव निशान आवंटित हो सकता है।

शिवसेना ने बिहार के पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय के खिलाफ उम्मीदवार उतारने की तैयारी की थी लेकिन जदयू ने चुनाव लड़ने की उनकी मंशा पर पानी फेर दिया है। इससे पांडे को सबक सिखाने का शिवसेना का प्लान फेल हो गया है। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत का मामला उठाने के बाद गुप्तेश्वर पांडेय शिवसेना के निशाने पर थे।

महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने गुप्तेश्वर पांडेय पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि मैने भाजपा नेता से सवाल किया था कि क्या महाराष्ट्र को बदनाम करने वाले पांडे का चुनाव प्रचार करेंगे। हालांकि टिकट देना या न देना उस पार्टी का मामला है। लेकिन संभवतः मेरे इसी सवाल के कारण गुप्तेश्वर पांडेय का टिकट ही कट गया।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...