शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पश्चिम बंगाल STF ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारियां उत्तर प्रदेश और बिहार में संयुक्त कार्रवाई के दौरान की गईं। गौरतलब है कि 6 मई की रात चंद्रनाथ रथ पर उस समय हमला किया गया था जब वह अपनी गाड़ी में बैठे थे। अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी, जिसके बाद राज्यभर में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया था।
मामले की जांच के दौरान पश्चिम बंगाल STF ने बिहार के बक्सर जिले से विशाल श्रीवास्तव नामक आरोपी को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि विशाल पर हत्या, लूट और डकैती समेत 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे बक्सर के पांडे पट्टी गांव से पकड़ा। इस कार्रवाई में बिहार STF, बक्सर पुलिस और पश्चिम बंगाल STF ने मिलकर संयुक्त अभियान चलाया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए कोलकाता ले जाया गया है।
जांच एजेंसियों ने इस मामले में दो अन्य आरोपियों—राज सिंह और मयंक—को भी गिरफ्तार किया है। राज सिंह मूल रूप से बलिया का रहने वाला बताया जा रहा है, हालांकि वह लंबे समय से बक्सर में रह रहा था। वारदात के बाद वह अयोध्या में छिपकर रह रहा था। कोलकाता पुलिस और अयोध्या पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उसे गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह हत्या की साजिश में शामिल था।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने खुद गोली चलाई थी या फिर किसी पेशेवर शूटर की मदद ली गई थी। जांच एजेंसियां हत्या के पीछे की साजिश, आपराधिक नेटवर्क और संभावित मास्टरमाइंड की तलाश कर रही हैं। पश्चिम बंगाल पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण खुलासे कर सकती है।
चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। विपक्षी दल लगातार कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं, जबकि पुलिस का दावा है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही पश्चिम बंगाल पुलिस पूरी साजिश का खुलासा कर पीसी में बताएगी।