बांका। बिहार के बांका जिले में निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला परिषद कार्यालय से एक जूनियर इंजीनियर (जेई) सहित दो लोगों को कथित रूप से 1 लाख 26 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।
निगरानी विभाग के अधिकारियों के अनुसार एक संवेदक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कार्य से संबंधित फाइल को आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने मामले की जांच और सत्यापन कराया, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद निगरानी विभाग ने विशेष योजना बनाई। सोमवार को जैसे ही संवेदक ने तय राशि सौंपी, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जिला परिषद कार्यालय में मौजूद जेई ओमप्रकाश मंडल और जागेश्वर मंडल को कथित रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। निगरानी विभाग अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस प्रकरण में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही जिला परिषद कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम माना जा रहा है।