1. हिन्दी समाचार
  2. बिहार
  3. बक्सर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ रुपये की ब्राउन शुगर के साथ पांच अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार

बक्सर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ रुपये की ब्राउन शुगर के साथ पांच अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार

बक्सर पुलिस ने नया भोजपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 490 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पांच अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने एक कार और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं तथा मामले को अंतरजिला तस्करी नेटवर्क से जोड़कर पूरे गिरोह की जांच शुरू कर दी है।

By: Nivedita 
Updated:
बक्सर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ रुपये की ब्राउन शुगर के साथ पांच अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार

बिहार के बक्सर जिले में नशे के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। नया भोजपुर थाना क्षेत्र में विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने करीब 490 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। इस मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई छापेमारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गोपाल डेरा पोखरा के पास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना मिलने के बाद विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर छापेमारी कर पांच संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक कार और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए, जिन्हें जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

पांच आरोपितों की हुई गिरफ्तारी

गिरफ्तार किए गए आरोपितों में बक्सर जिले के मुंगांव निवासी सोनू कुमार, नाजीरगंज निवासी समीर शेख, चिलहरी निवासी सूर्यकांत पांडेय, भोजपुर जिले के फूहा निवासी मंजय पासवान तथा पूर्वी चंपारण जिले के रामनगर निवासी कुमार गौरव शामिल हैं।

 

अंतरजिला नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि यह मामला अंतरजिला मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े संगठित नेटवर्क का हिस्सा है। जब्त किए गए मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के सप्लाई नेटवर्क, संपर्कों और अन्य सहयोगियों की पहचान की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहन जांच कर रही है।

नशे के कारोबार पर आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। तस्करी से जुड़े नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने और इसमें शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है।

 

रिपोर्ट – धीरज कुमार 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...