शिवपुरी नगर में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत भुजरियां तालाब पर श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन के प्रति आमजन को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, जिला समन्वयक जन अभियान परिषद डॉ. रीना शर्मा, मंडल अध्यक्ष चंदन सिंह धाकड़ सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर तालाब परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता और संरक्षण का संदेश दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि जब शासन और समाज मिलकर कार्य करते हैं, तभी ऐसे अभियान सफल होते हैं और जल स्रोतों का पुनरुद्धार संभव होता है।
कार्यक्रम के दौरान ऐतिहासिक भुजरियां तालाब के संरक्षण और सौंदर्यीकरण को लेकर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि जन अभियान परिषद और नगर पालिका मिलकर जल स्रोतों के पुनर्जीवन के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।