आरा। भोजपुर के पुलिस अधीक्षक ने पीरो थाना का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था और थाना की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों की मौजूदगी के साथ उनके कर्तव्यों के पालन की भी जांच की।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, रखरखाव और सुरक्षा इंतजामों को देखा गया। इसके अलावा कार्यालय की व्यवस्था, सीसीटीएनएस प्रणाली, विभिन्न अभिलेखों के संधारण और अपराध नियंत्रण से संबंधित तख्तियों एवं महत्वपूर्ण दस्तावेजों की भी जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक ने लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के साथ मामलों की जांच में तेजी लाने को कहा।

निरीक्षण के दौरान नियमित पुलिस गश्ती और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा किसी भी संभावित घटना को रोकने के लिए पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
SP ने थाना पहुंचने वाले लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समय पर और प्रभावी तरीके से समाधान करने को कहा। उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली को अधिक सक्रिय, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।