भोजपुर जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को मजबूत बनाने के उद्देश्य से निक्षय मित्र पहल के तहत 100 टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित किए गए। जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार और उप विकास आयुक्त की उपस्थिति में भोजपुर समाहरणालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में RAMCO Industries Limited ने निक्षय मित्र के रूप में सहभागिता करते हुए मरीजों को पोषण सहायता प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान कंपनी के महाप्रबंधक ने कहा कि भविष्य में भी अधिक से अधिक टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें नियमित रूप से फूड बास्केट उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि निक्षय मित्र योजना उपचार के दौरान मरीजों को आवश्यक पोषण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार संभव हो सके।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि टीबी के उपचार के दौरान मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होती है। ऐसे में संतुलित और पौष्टिक आहार उनके स्वास्थ्य लाभ और उपचार की सफलता में अहम भूमिका निभाता है। इस पहल का उद्देश्य मरीजों को दवा के साथ आवश्यक पोषण सहायता भी उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों से निक्षय मित्र अभियान से जुड़ने और टीबी मरीजों के पोषण एवं उपचार में सहयोग करने की अपील की गई। कार्यक्रम में जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. ए. अहमद, RAMCO Industries Limited के प्रतिनिधि, जिला समन्वयक अश्विनी कुमार, Doctors For You की टीम तथा टीबी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
यह कार्यक्रम टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को गति देने और मरीजों को आवश्यक पोषण सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में एक प्रेरणादायक प्रयास साबित हुआ। प्रशासन और निजी क्षेत्र की साझेदारी से समाज में स्वास्थ्य जागरूकता और जनसहभागिता को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।