{ भदोही से अनंत देव की रिपोर्ट }
भदोही जिले के ज्ञानपुर में अतिक्रमण हटाने के नाम पर पुलिस की मनमानी देखने को मिली है। आरोप है कि पुलिस दुकान से सामान उठा ले गयी और इस दौरान दिव्यांग दुकानदार से गाली गलौज किया जिससे दुकानदार को हार्ट अटैक आ गया और उन्हें गम्भीर हालत में वाराणसी में भर्ती कराया गया है।

इससे आक्रोशित व्यापारियों ने ज्ञानपुर-गोपीगंज मार्ग को जाम कर जमकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की गई। मामला ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के नगर का है जहां तहसील रोड पर दिव्यांग तारा चन्द पटवा की गिफ्ट कार्नर की दुकान है।

दुकान को पटवा के साथ उनके तीन बेटियां संचालित करती हैं। आरोप है कि इसी दौरान ज्ञानपुर कोतवाली के कस्बा इंचार्ज पुलिस के साथ दुकान पर पहुंचे और अतिक्रमण के नाम पर दुकान से सामान बोर में भरकर उठा कर ले जाने लगे।

इस दौरान लड़कियों के मना करने पर पुलिस द्वारा गाली गलौज करने और दुकान बंद कराने की धमकी दी गयी। यह सब देख दुकानदार तारा चन्द को हार्ट अटैक आ गया। स्थानीय लोग उन्हें जिला अस्पताल ले गए जहां से उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया।

उनकी बेटी ने बताया कि नगर पंचायत प्रशासन द्वारा चेतावनी पर दुकान तय सीमा के अंदर लगाया जा रहा था इसके बावजूद पुलिस ने अतिक्रमण हटाने के नाम पर दबंगई दिखाई। यही तरीका आस पास के दुकानदारों के साथ भी अपनाया गया।

तारा चन्द को पांच बेटियां हैं और उन्हें हार्ट अटैक आने के बाद पूरा परिवार बेहद दुखी है। वहीं आक्रोशित व्यापारियों ने इस मामले को लेकर सड़क जाम कर दिया। आधे घण्टे जाम के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा कर जाम समाप्त कराया।