बड़वानीः जिला मुख्यालय पर कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष, पार्षद और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने वेंडर मार्केट को जल्द चालू करवाने के लिए कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव ने बताया कि नगर पालिका की अनदेखी के कारण जनता के करोड़ों रुपए खर्च होने के बावजूद उन्हें समय पर विकास कार्यों का लाभ नहीं मिल पा रहा है। शहर के सबसे व्यस्ततम झंडा चौक स्थित 3 करोड़ 10 लाख रुपए की लागत से बने वेंडर मार्केट का निर्माण सड़कों पर बैठने वाले दुकानदारों को छत देने, जाम से मुक्ति दिलाने और शहर में स्वच्छता व सुंदरता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया था।
विधायक प्रतिनिधि विष्णु बनडे ने ज्ञापन के माध्यम से कलेक्टर से जल्द वेंडर मार्केट का लोकार्पण करने की मांग की, ताकि लोगों को सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन के दावे हर बार झूठे साबित हो रहे हैं। मार्केट का निर्माण कार्य मार्च 2023 में शुरू हुआ था और इसे 18 महीने यानी सितंबर 2024 तक पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन यह डेडलाइन खत्म हो गई।
दूसरी डेडलाइन जनवरी 2026 का दावा भी पूरा नहीं हुआ। वर्तमान में वेंडर मार्केट धूल खा रहा है। नगर पालिका के जिम्मेदारों से चर्चा करने पर उन्होंने जल्द लोकार्पण होने का दावा किया है, जिसे प्रभारी मंत्री से करवाया जाएगा। कांग्रेस पार्षद दल और युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते वेंडर मार्केट का लोकार्पण नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
बड़वानी से संवाददाता लोकेश दावदे की रिपोर्ट