1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. क्या बंद होने जा रहे है 2000 के नोट?, सरकार ने किया बड़ा खुलासा, बीते 2 साल से नहीं छापा एक भी नोट

क्या बंद होने जा रहे है 2000 के नोट?, सरकार ने किया बड़ा खुलासा, बीते 2 साल से नहीं छापा एक भी नोट

By: Amit ranjan 
Updated:
क्या बंद होने जा रहे है 2000 के नोट?, सरकार ने किया बड़ा खुलासा, बीते 2 साल से नहीं छापा एक भी नोट

नई दिल्ली : पिछले काफी लंबे समयों से 2000 नोटों का प्रचलन बाजारों में नहीं दिख रहा है, जिसे लेकर कई बार ये कयास लगाये जाने लगे कि अब पुराने नोटों की तरह 2000 रूपये के नोट भी जल्द बंद हो जाएंगे। इन अफवाहों के बाद कई लोगों ने 2000 रूपये के नोट लेने बंद कर दिये थे, वहीं कई लोग इसे कम कीमत पर भझाने में लगे हुए थे। जिससे उन्हें ज्यादा नुकसान ना हो।

हालांकि इन सारी अफवाहों के बीच लगातार अफवाह का बाजार गर्म रहा। आपको बता दें कि इन सारे कयासों और अफवाहों को लेकर वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को लोकसभा में बड़ा बयान दिया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि 2000 रुपये मूल्‍य के एक भी करेंसी नोट की पिछले दो साल में छपाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि रिजर्व बैंक की तरफ से नोटों की कोई डिमांड नहीं की गई, इसलिए नोटों की छपाई नहीं की जा रही है।

अनुराग ठाकुर ने बताया कि नोटों की डिमांड-सप्लाई को बनाए रखने के लिए सरकार, रिजर्व बैंक की सलाह पर नोटों की छपाई पर फैसला लेती है। उन्‍होंने बताया कि 2019-20 और 2020-21 के दौरान 2000 रुपये के नोटों की छपाई को लेकर सरकार को कोई ऑर्डर नहीं मिला है।

वित्त राज्य मंत्री ने बताया कि नोटों की जमाखोरी, कालाधन को रोकने के लिए 2000 के नोटों की छपाई पर रोक लगाई गई है। उन्होंने कहा कि 30 मार्च 2018 को 2000 रुपए के तकरीबन 336.2 करोड़ नोट प्रचलन में थे। जबकी 26 फरवरी 2021 को 2000 रुपए के नोटों की संख्या केवल 249.9 करोड़ रह गई है।

आपको बता दें कि RBI ने 2019 में बताया था कि वित्‍त वर्ष 2016-17 में 2000 रुपये के कुल 354.2991 करोड़ नोट छापे गए थे। जबकि वित्‍त वर्ष 2017-18 में केवल 11.1507 करोड़ नोट छापे गए, जो बाद में वित्‍त वर्ष 2018-19 में घटकर 4.6690 करोड़ रह गए। अप्रैल 2019 के बाद से एक भी नया 2000 का बैंक नोट नहीं छापा गया है।

हालांकि अनुराग ठाकुर ने ये साफ कर दिया कि 2000 के नोट बंद नहीं होने जा रहे है, बल्कि अभी उनकी छपाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि छपाई बंद होने का मतलब ये नहीं है कि 2000 के नोट बंद होने वाले हैं, ये चलन में रहेंगे।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...