प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आज क्रान्तिज्योति सावित्री बाई फुले जी की जयंती के अवसर पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण नमन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के नेतृत्व में नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी के पदभार ग्रहण एवं नियुक्ति आदेश वितरण का कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी, पूर्व गृहमंत्री महेंद्र बौद्ध, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, प्रकोष्ठ प्रभारी महेंद्र चौहान, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार, अनुसूचित जाति सेल की प्रभारी भगवती चौधरी एवं हेमंत नरवरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने सावित्रीबाई फुले जी के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को आज के समय में और अधिक प्रासंगिक बताया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक समानता की वह ऐतिहासिक लड़ाई, जिसकी नींव बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने रखी थी, आज भाजपा शासन में संवैधानिक मूल्यों पर लगातार हमलों का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में आदरणीय राहुल गांधी देशभर में संविधान, सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं।

जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सावित्रीबाई फुले जी के शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक अधिकार, सम्मान और अवसर पहुँचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अनुसूचित जाति विभाग की नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी संगठन को बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करेगी।

कार्यक्रम के अंत में सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ दी गईं तथा संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।
