1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. लद्दाख तनाव पर बोले वायुसेना प्रमुख भदौरिया, हम दो मोर्चों पर जंग के लिए तैयार

लद्दाख तनाव पर बोले वायुसेना प्रमुख भदौरिया, हम दो मोर्चों पर जंग के लिए तैयार

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
लद्दाख तनाव पर बोले वायुसेना प्रमुख भदौरिया, हम दो मोर्चों पर जंग के लिए तैयार

पूर्वी लद्दाख में LAC पर चीन के साथ जारी तनाव के बीच भारतीय वायुसेना प्रमुख आरकेएस भदौरिया का बड़ा बयान आया है। एस भदौरिया ने कहा है कि स्थितियां जटिल हैं लेकिन हम जंग के साथ किसी भी तरह के संघर्ष के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि पड़ोस में खतरे बढ़े हैं। इस ही के साथ हमने भी अपनी क्षमता बढ़ाई है। हमने आर्मी के जवानों को जल्द पहुंचाया है। साथ ही हम दो मोर्चों पर जंग समेत किसी भी संघर्ष के लिए तैयार हैं। साथ ही उन्होंने देश की जनता को कहा कि आश्वस्त रहिए, किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए हम मजबूती से तैनात हैं।

भदौरिया ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में कहा, ‘विश्वास कीजिए हम अच्छी स्थिति में हैं।’ वायुसेना प्रमुख ने ये आश्वस्त किया है कि चीन और पाकिस्तान की ओर से तनाव की स्थिति को लेकर भारत पूरी तरह मुस्तैद और तैयार है।

भदौरिया ने यह भी कहा, हमारे पड़ोस में और आस-पास के क्षेत्रों में उभरते हुए खतरे को देखते हुए युद्ध लड़ने की एक मजबूत क्षमता हमारे पास होनी चाहिए और मैं आपको बहुत विश्वास के साथ कह सकता हूं, ‘ऑपरेशनली, हम सर्वश्रेष्ठ हैं।’

हाल में वायुसेना में औपचारिक रूप से शामिल किये गए राफेल लड़ाकू विमानों के बारे में एयरचीफ मार्शल ने कहा कि इनकी तैनाती से वायुसेना मजबूत हुई है। तीन साल में राफेल और तेजस का पूरा बेड़ा काम करने लगेगा।

उन्होंने कहा, राफेल के आने से वायुसेना की ताकत बढ़ी है और ये हमें आगे और मजबूत करेगा। इसकी मदद से हम जल्दी और ठोस कार्रवाई कर पाने में सक्षम हो गए हैं। अगले पांच साल में तेजस, कॉम्बैट हेलिकॉप्टर, ट्रेनर एयरक्राफ्ट समेत कई अन्य ताकतवर हथियार वायुसेना की ताकत को और बढ़ाएंगे।

आरकेएस भदौरिया ने कहा, हमने राफेल, चिनूक, अपाचे का परिचालन किया है और उन्हें रिकॉर्ड समय में एकीकृत भी कर लिया है। आगामी 3 वर्षों में हम राफेल और एलसीए मार्क 1 स्क्वाड्रन को भी पूरी ताकत के साथ शुरू करेंगे यही नहीं मिग-29 भी हमारी ताकत को और मजबूत करने के लिए हमारे बेड़े में शामिल किया जा रहा है।

एयर चीफ मार्शल भदौरिया ने कहा कि चीन की वायुसेना को हल्के में नहीं लें। वह खुद में मजबूत है। जे-20 पांचवी पीढ़ी का है। इंजन उतना अच्छा नहीं है। हम उसी के मुताबिक तैयारी करते हैं। उन्होंने कहा कि हम उम्मीद करते हैं बातचीत से मामला सुलझेगा। उसी के मुताबिक करवाई करेंगे। तैनाती उसी के अनुसार की जाएगी।

उन्होंने कहा कि तनाव के दौरान ड्रोन का इस्तेमाल महवपूर्ण हो जाता है। हमला करने में खास है। अमेरिका की तैनाती उनके अपने हिसाब से है। हमारी जंग कोई और नहीं, हमे ख़ुद लड़नी होगी। लद्दाख में क्या हुआ इस बारे में बोल नहीं सकते। दोनों के जब एयर क्राफ्ट फ्लाई करते हैं तो राडार मॉनिटर करते हैं।

वायुसेना प्रमुख ने कहा कि थल सेना के साथ हम हमेशा ट्रेनिंग करते हैं इसीलिए इतनी तेजी से कर पाए। लद्दाख में कभी एयर स्ट्राइक की नौबत नहीं आई, लेकिन हमारी तैयारी थी। हमे पता है कि पाक चीन पर निर्भर है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...