शिवपुरी जिले की ग्राम पंचायत मढ़वासा में भारी भ्रष्टाचार का आरोप सामने आया है। ग्राम इमलोदा निवासी जयपाल सिंह यादव ने सरपंच और सचिव पर लाखों रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए तीन हजार पन्नों के दस्तावेजों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायतकर्ता के अनुसार- पौधरोपण, सोखता गड्ढा निर्माण, खरंजा निर्माण, सीसी सड़क, चबूतरा, शौचालय, आंगनबाड़ी भवन निर्माण आदि कई योजनाओं में भारी अनियमितताएं और लाखों रुपये का भ्रष्टाचार किया गया है। जयपाल यादव ने बताया कि उन्होंने सूचना के अधिकार (RTI) के माध्यम से 3,000 पेज दस्तावेज एकत्र किए, जिनमें स्पष्ट तौर पर भारी गड़बड़ी दिखाई देती है।
जयपाल सिंह यादव ने कहा- “मैं मार्च 2024 से लगातार शिकायतें कर रहा हूं, लेकिन किसी ने कार्रवाई नहीं की। इसलिए तीन हजार पन्नों के सबूत लेकर कलेक्टर ऑफिस आया हूं।” उनका आरोप है कि कई कार्य कागजों में पूरे दिखाए गए, लेकिन जमीन पर कुछ नहीं हुआ, फिर भी भुगतान जारी कर दिया गया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उन्होंने जिला पंचायत CEO विजयराज से कार्रवाई की मांग की, तो CEO ने पूछा- “क्या सबूत है आपके पास?” इसी के बाद उन्होंने RTI लगाई और तीन हजार पन्नों में अनियमितताओं का पूरा रिकॉर्ड निकालकर अधिकारियों के सामने रख दिया।
जयपाल यादव के मुताबिक, जब उन्होंने ये दस्तावेज लेकर एक बार फिर जिला पंचायत CEO से मुलाकात की, तो CEO ने कहा- “हमारे पास सिर्फ यही एक काम थोड़ी है, हम अपने हिसाब से जांच करवा रहे हैं।” इस जवाब से शिकायतकर्ता निराश दिखाई दिए। उनका कहना है कि इतने भारी सबूत देने के बावजूद भी कार्रवाई में ढिलाई बरती जा रही है।
जयपाल यादव ने कहा कि अब कार्रवाई में देरी का कोई कारण नहीं है। उन्होंने कलेक्टर से जांच शुरू कर सरपंच और सचिव पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।