शिवपुरी शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए रेलवे स्टेशन के पास से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 11.53 ग्राम स्मैक बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
शिवपुरी पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिलेभर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र में घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ा, जो पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहा था।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम रिंकू रजक निवासी फतेहपुर, शिवपुरी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि स्मैक के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।