1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अलीगढ़ : नवजात की मौत के मामले में अस्पताल सील

अलीगढ़ : नवजात की मौत के मामले में अस्पताल सील

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
अलीगढ़ : नवजात की मौत के मामले में अस्पताल सील

अलीगढ़ के थाना अतरौली के रामघाट रोड स्थित कीर्ति अस्पताल को अनियमितताओं के चलते डीएम के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सील कर दिया। अस्पताल के रजिस्ट्रेशन आदि की जांच पूरी नहीं हो सकी है। डीएम ने लाइसेंस निरस्त करते हुए संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश भी दिए हैं।

जानकारी के अनुसार गांव पिलखुनी निवासी राजेश कुमार ने शिकायत की थी कि उनकी पत्नी सपना देवी को प्रसव के लिए रविवार को कीर्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहाँ महिला ने बच्ची को जन्म दिया था। पीड़ित का आरोप था कि बच्ची को चिकित्सकीय स्टाफ ने न्यू बोर्न बेबी किट में रख दिया था।

जिसमें नवजात के चेहरे को चूहों ने कुतर दिया था। इस कारण उसकी मौत हो गई। इस अमानवीय कृत्य की बात संज्ञान में आने पर बुधवार को डीएम चंद्रभूषण सिंह ने 24 घंटे में जांच कर कार्रवाई के आदेश स्वास्थ्य विभाग को दिए थे।

बृहस्पतिवार को सीएमओ ने जांच रिपोर्ट डीएम को पेश की। इसके आधार पर डीएम ने अस्पताल को सील कर लाइसेंस निरस्त करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश स्वास्थ्य विभाग को दिए। एसीएमओ डॉ. दुर्गेश कुमार, डॉ. एसपी सिंह, रणधीर सिंह, वरिष्ठ लिपिक अस्पताल पर पहुंचे।

नायब तहसीलदार दिनेश कुमार शर्मा की मौजूदगी में टीम ने अस्पताल को सील कर दिया। अस्पताल पांच बैड के लिए अधिकृत है और वहां 11 बैड संचालित मिले। साथ ही दो कमरों का ताला नहीं खोला गया। उनमें भी स्वास्थ्य उपकरण थे। अस्पताल को फिलहाल सील कर दिया गया है। जांच पूरी होने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...