नई दिल्ली : फेस्टिवल उत्सव शुरू होने में तकरीबन कुछ दिन शेष है, उससे पहले ही हवाई यात्रा करने वाले लोगों को बड़ा झटका लग सकता है। आपको बता दें कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि के कारण बहुत जल्द हवाई यात्रा महंगा होने की संभावना है। इसका अतिरिक्त बोझ आम जनता की जेबों पर पड़ेगा।
बता दें कि शुक्रवार को जेट फ्यूल प्राइस या एटीएफ (ATF) की कीमत में 5.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक दिल्ली एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमत 3972.94 रुपये या 5.79 प्रतिशत बढ़कर 72,582.16 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है।

आपको बता दें कि अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क के अनुरूप जेट फ्यूल प्राइस की कीमत में प्रत्येक 15 दिनों में संशोधन किया जाता है। मुंबई में एटीएफ की नई कीमत 70,880.33 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। हर राज्य में एटीएफ की कीमत स्थानीय करों के हिसाब से अलग-अलग होती है। कोरोना महामारी के बाद मांग में सुधार के चलते अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतें अपने तीन साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई हैं।
बता दें कि एटीएफ के महंगा होने से सीधा असर हवाई यात्रा के टिकटों पर देखने को मिलेगा। एयरलाइन की टोटल कॉस्ट में एटीएफ की हिस्सेदारी 35 से 50 प्रतिशत के बीच होती है। ऐसे समय में जब घरेलू एयरलाइन कंपनियां अपने परिचालन खर्च को कम रखने की कोशिश कर रही हैं, एटीएफ की कीमत में वृद्धि से उनकी वित्तीय सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। आपको बता दें कि इससे पहले सरकार ने भी एयर टिकटों की निचली और ऊपरी सीमा को भी हटा लिया है। ऐसे में अब एयरलाइन कंपनियां अपने बढ़े हुए खर्च का बोझ ग्राहकों की जेब पर डाल सकती हैं।
पेट्रोल और डीजल के कीमतों में इजाफा
आपको बता दें कि देश में शुक्रवार यानि 1 अक्टूबर को पेट्रोल की कीमतों में 25 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में 30 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों द्वारा जारी मूल्य अधिसूचना के मुताबिक दिल्ली में पेट्रोल के दाम बढ़कर 101.89 रुपये प्रति लीटर के रिकार्ड उच्च स्तर पर पहुंच गए हैं, जबकि मुंबई में यह आंकड़ा 107.95 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर पहुंच गया है। इसी तरह डीजल अब दिल्ली में 90.17 रुपये प्रति लीटर और मुंबई में 97.84 रुपये प्रति लीटर के भाव पर जा पहुंचा है।