आगरा के थाना कमला क्षेत्र में रहने वाले पति-पत्नी का विवाद थाने पहुंच गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस विवाद की वजह मात्र तेज आवाज है। पति एसोसिएट प्रोफेसर है और पत्नी शिक्षिका है।
प्रोफेसर की शादी तीन साल पहले प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका से हुई थी। शिक्षिका को तेज आवाज में बोलने की आदत है। वह घर में भी पति से स्कूली बच्चों की तरह बात करती थी।
पहले तो पति ने ध्यान नहीं दिया। मगर, पत्नी की इस तरह की आदत से अब उन्हें परेशानी होने लगी। उन्होंने पत्नी से स्कूल की भाषा में घर में बात करने के लिए मना किया। मगर, शिक्षिका का अंदाज नहीं बदल सका।
क्या है पूरा मामला जानिए :-
घटना आगरा के थाना कमला क्षेत्र की है। यहां रहने वाले एसोसिएट प्रोफेसर और शिक्षिका पत्नी के बीच विवाद हो गया। झगड़े के बाद दोनों ने अलग अलग रहने का फैसला किया और पिछले एक महीने से दोनों अलग रह रहे थे। आगरा महिला थाना प्रभारी अलका सिंह ने बताया कि दोनों की काउंसलिंग की गई तो पता चला कि विवाद तेज बोलने को लेकर है। पत्नी प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाती हैं और वहां बच्चों को तेज आवाज में डांटना पड़ता है।
धीरे-धीरे यह उनके व्यवहार में शुमार हो गया। पहले तो पति ने इसका विरोध नहीं किया लेकिन बाद में पति को पत्नी का व्यवहार चुभने लगा। इसी कोलेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। थाने पहुंचे पति की शिकायत है कि शिक्षिका पत्नी घर में भी उन्हें तेज डांटती हैं और बच्चों की तरह समझाती हैं। विवाद के पीछे का कारण समझ में आने के बाद दोनों की काउंसलिंग की गई तो दोनों एक साथ रहने के लिए तैयार हो गए। अब पत्नी ने कहा है कि वह अपने कार्य क्षेत्र का प्रभाव घर में नहीं पड़ने देंगे और आपसी बातचीत में उनके प्रोफेशन का प्रभाव नहीं पड़ेगा।