नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में टीम इंडिया को पहली बार पाकिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इस जीत के बाद बौराये पाकिस्तान के कुछ पूर्व खिलाड़ी लगातार अनाप-शनाप कमेंट करने से बाज नहीं आ रहे हैं और भारतीय खिलाड़ियों को ट्रोल कर रहे है। अब इसी कड़ी में पाकिस्तानी पत्रकार सुमैरा खान का भी नाम जुड़ गया है।
दरअसल, एक दिन पहले पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने दिग्गज भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह से ट्विटर पर उलझने की हिमाकत कर डाली थी। ऐसे में हरभजन कहां पीछे रहने वाले थे और उन्होंने आमिर के हर वार का मुंहतोड़ जवाब दिया था। हरभजन ने एक वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया था ‘फिक्सर को सिक्सर.. आउट ऑफ द पार्क, मोहम्मद आमिर चल दफा हो जा।’
Fixer ko sixer.. out of the park @iamamirofficial chal daffa ho ja pic.twitter.com/UiUp8cAc0g
— Harbhajan Turbanator (@harbhajan_singh) October 26, 2021
पाकिस्तानी पत्रकार सुमैरा खान को आमिर पर हरभजन की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं हुई और वह ट्विटर पर हरभजन से उलझ गईं। लेकिन हरभजन ने उन्हें ऐसा जवाब दिया, जिससे सुमैरा की बोलती बंद हो गई।
सुमैरा खान ने हरभजन के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा, ‘रोते हुए हरभजन सिंह इस गंदी टिप्पणी के लिए पूरे सिख समुदाय को आप पर शर्म आएगी।
इसके बाद हरभजन ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए लिखा, ‘उड़ता तीर अपनी तरफ मत मोड़ो… अपना काम करो और बकवास कम करो। अपनी बकवास बंद करो। धर्म को बीच में लाकर गंदा खेल खेलना बंद करो…तुम वहां खुश रहो, हम यहां बहुत खुश हैं। आगे कोई बात नहीं।’
हरभजन के इस जवाब से सुमैरा खान ने चिढ़ते हुए ट्वीट किया, ‘आप ही थे जो हमेशा की तरह इस बकवास चीज को लेकर आए। इसलिए शांत रहिए और मेरे देश की महिला पर अटैक करना बंद करें। और हां एक और बात, नम्रतापूर्ण व्यवहार सीखने के लिए बाबा करतारपुर साहब जाकर दर्शन करें। अंत में आपके साथ वही जो आपने कहा।’
अब हरभजन ने जवाब दिया, ‘हमें महिलाओं का सम्मान करना मत सिखाइए.. हम यह अच्छी तरह से जानते हैं। बताइए कि आपने आमिर की ओर से इससे पहले कभी ट्वीट किया था? ईमानदारी से कहूं तो मैं यह भी नहीं जानता कि आप कौन हैं। पहले आप ही थे जिन्होंने ट्वीट किया था, मैं नहीं.. आराम करो, मुझे तुम्हारे खिलाफ कुछ भी नहीं है, इसलिए कृपया इससे दूर रहो।’
इससे पहले पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वकार यूनुस ने भी पाकिस्तान की जीत के बाद विवादास्पद बयान दिया था। दरअसल, पाकिस्तान के एक चैनल पर चर्चा के दौरान वकार यूनुस ने कहा था, ‘रिजवान ने जो ग्राउंड में खड़े होकर हिन्दुओं के बीच में नमाज पढ़ी, वह मेरे लिए काफी स्पेशल मोमेंट था।’ बाद में वकार ने इस बयान के लिए माफी मांग ली थी।