मैहर: मध्य प्रदेश के मैहर में फिल्म शूटिंग के दौरान एक अभिनेता द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों का मामला चर्चा में है। अभिनेता सत्येंद्र सोनी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर दावा किया कि एक फिल्म निर्देशक ने उनसे काम कराने के बावजूद मेहनताना नहीं दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भुगतान की मांग करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद मैहर पुलिस ने अभिनेता से संपर्क किया और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए। पुलिस की मदद से सत्येंद्र सोनी को सुरक्षित मुंबई रवाना किया गया।मुंबई पहुंचने के बाद अभिनेता ने एक और वीडियो साझा कर मैहर पुलिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने समय पर सहयोग किया, जिसके कारण वे सुरक्षित अपने घर पहुंच सके।

मैहर पुलिस के अनुसार, अभिनेता ने इस मामले में कोई औपचारिक या लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस का कहना है कि सत्येंद्र सोनी ने केवल सुरक्षित मुंबई पहुंचने में सहायता मांगी थी, जिसके बाद उन्हें आवश्यक सुरक्षा और सहयोग उपलब्ध कराया गया।फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं होने के कारण पुलिस ने कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया है। यदि भविष्य में शिकायत प्राप्त होती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: प्रशांत शुक्ला