भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहे पर उस वक्त हालात तनावपूर्ण हो गए, जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने शराब दुकान को बंद कराने की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने पहले सड़क पर बैठकर चक्का जाम किया, जिससे इलाके में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब कुछ प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और शराब दुकान पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान दुकान का बोर्ड उखाड़कर फेंक दिया गया और तोड़फोड़ की गई। हालात को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पॉलिटेक्निक कॉलेज और छात्रावास के पास शराब दुकान संचालित होने से छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ है। उनका कहना है कि इस मुद्दे को लेकर कई बार प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
कार्यकर्ताओं ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक शराब दुकान को हटाया या बंद नहीं किया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
भोपाल से संवाददाता सुनील मालवीय की रिपोर्ट