नई दिल्ली : महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में पुलिस कंट्रोल रूम में एक फोन कॉल आने से हड़कंप मच गया है। मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में शुक्रवार रात एक फोन कॉल आया, जिसमें धमकी दी गई कि चार स्थानों पर बम रखे गए हैं। जिसमें मुंबई के तीन प्रमुख रेलवे स्टेशनों और अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले में बम रखे जाने की सूचना मिलने के बाद इन स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। हालांकि जांच में यह कॉल फेक निकला। अब पुलिस कॉल करने वाले व्यक्ति और उसकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी है।
एक अधिकारी ने बताया कि हालांकि अभी तक जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया है। मुंबई पुलिस के मुख्य नियंत्रण कक्ष को शुक्रवार रात को एक फोन आया जिसमें फोन करने वाले शख्स ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी), भायखला, दादर रेलवे स्टेशनों और अभिनेता अमिताभ बच्चन के जुहू में स्थित बंगले में बम रखे गए हैं।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘फोन आने के बाद राजकीय रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल के साथ ही बम निरोधक दस्ता, श्वान दस्ता और स्थानीय पुलिसकर्मी इन स्थानों पर पहुंचे और तलाश अभियान चलाया। अभी तक इन स्थानों पर कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया लेकिन वहां भारी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।’ उन्होंने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है।
बम की सूचना मिलते ही अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में बम निरोधक दस्ते और जीआरपी की टीम ने बताए गए जगहों की तलाशी ली। लेकिन जांच में यह कॉल फर्जी निकला। वहीं अब इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की सीआईयू (क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट) ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।