विदिशाः लटेरी में केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम (106वां संविधान संशोधन) के ऐतिहासिक निर्णय पर मातृशक्ति ने भव्य धन्यवाद यात्रा निकालकर हर्ष जताया। विधायक उमाकांत शर्मा के नेतृत्व में आयोजित यह यात्रा आनंदपुर रोड स्थित माता मंदिर से प्रारंभ होकर जय स्तंभ चौराहे तक पहुंची।

यात्रा में हजारों की संख्या में माताएं-बहनें “धन्यवाद मोदी जी” और “धन्यवाद मोहन यादव जी” के पोस्टर लिए शामिल हुईं। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि विधायक ने महिलाओं को मंच पर अतिथि के रूप में बैठाया और स्वयं नीचे बैठकर नारी शक्ति का सम्मान बढ़ाया।
नगर परिषद अध्यक्ष शैलेष भंडारी ने इसे महिला सशक्तिकरण का ऐतिहासिक कदम बताया। वहीं, विधायक उमाकांत शर्मा ने डॉ. बाबा साहब अंबेडकर की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए इस अधिनियम के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। अंत में श्रीमती राधा राजपूत ने आभार प्रदर्शन किया। पूरा नगर ‘नारी शक्ति’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।
विदिशा से संवाददाता विनोद सूर्यवंशी की रिपोर्ट