बड़वानी जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार दोपहर थाना पुलिस ने खेत की मेड़ पर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे 11 लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 29 हजार 500 रुपये नकद और ताश के पत्ते जब्त किए।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बस स्टैंड स्थित खदान मोहल्ला के पीछे खेत की मेड़ पर कुछ लोग रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। उप पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी महेश सुनैया तथा निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 29,500 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में साबिर खान, जितेंद्र जमरे, दिलीप सोलंकी, कमलेश गोखले, मजहर मंसूरी, बलराम अजनारे, अनस खान, सतीश बामनिया, अरबाज खान, साजिद मंसूरी और दिनेश वास्कले शामिल हैं। सभी आरोपी बड़वानी जिले के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन से भी अपील की गई है कि ऐसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।