श्योपुर। जिले में बढ़ती चोरी, अपराध और नशे की घटनाओं को लेकर लोगों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। सर्व समाज के लोगों ने मंगलवार को कोतवाली के बाहर पहुंचकर अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने घंटी, झालर और मंजीरे बजाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की और इसे “सोई हुई पुलिस को जगाने” का प्रतीकात्मक प्रयास बताया।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि शहर में लगातार चोरी, असामाजिक गतिविधियों और नशे के कारोबार से आम नागरिक परेशान हैं। लोगों का कहना है कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण शहरवासियों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कोतवाली के सामने धरना देकर नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

सर्व समाज के लोगों ने कहा कि सरकार की ओर से अपराध और नशामुक्ति को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर ठोस कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने, चोरी की घटनाओं का खुलासा करने और शहर में गश्त व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अपराधों पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। लोगों ने प्रशासन से शहर में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।