1. हिन्दी समाचार
  2. Burhanpur
  3. लाला जगत नारायण की 45वीं पुण्यतिथि पर 55 लोगों ने किया रक्तदान, बुरहानपुर में लगा विशाल शिविर

लाला जगत नारायण की 45वीं पुण्यतिथि पर 55 लोगों ने किया रक्तदान, बुरहानपुर में लगा विशाल शिविर

बुरहानपुर जिला अस्पताल में पंजाब केसरी समूह द्वारा अमर शहीद लाला जगत नारायण की 45वीं पुण्यतिथि पर विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 55 लोगों ने रक्तदान किया, जिन्हें प्रमाण-पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।

By: BS Yadav 
Updated:
लाला जगत नारायण की 45वीं पुण्यतिथि पर 55 लोगों ने किया रक्तदान, बुरहानपुर में लगा विशाल शिविर

बुरहानपुर। अमर शहीद एवं पंजाब केसरी समूह के संस्थापक लाला जगत नारायण जी की 45वीं पुण्यतिथि के अवसर पर पंजाब केसरी समूह की ओर से बुरहानपुर जिला अस्पताल में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। मानव सेवा और जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में युवाओं समेत समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कुल 55 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।

पंजाब केसरी समूह की ओर से लाला जगत नारायण जी की पुण्यतिथि पर हर वर्ष रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी शिविर का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य रक्त संग्रह के साथ-साथ लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक लोगों को मानव सेवा के इस कार्य से जोड़ना रहा।

रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र और मेडल देकर किया सम्मानित

शिविर में रक्तदान करने वाले सभी 55 रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिला अस्पताल और ब्लड बैंक डोनेट स्टाफ का आयोजन को सफल बनाने में विशेष सहयोग रहा। स्टाफ ने रक्तदान प्रक्रिया के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराईं, जिससे शिविर व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

रक्तदान महादान’, एक बूंद बचा सकती है जिंदगी

वरिष्ठ पत्रकार गोपाल देवकर ने कहा कि रक्तदान महादान है, क्योंकि किसी जरूरतमंद मरीज के लिए रक्त की एक बूंद भी जीवन बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। उन्होंने पंजाब केसरी समूह के इस आयोजन की सराहना की और जिला ब्यूरो राजू सिंह राठौड़ का आभार जताया।समाजसेवी महेश चौहान ने कहा कि कई बार रक्त की कमी के कारण मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में स्वस्थ युवाओं और नागरिकों को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए।

समाजसेवी प्रियांक सिंह ठाकुर ने कहा कि विज्ञान ने कृत्रिम अंग बनाने में काफी प्रगति की है, लेकिन कृत्रिम रक्त का निर्माण अभी संभव नहीं है। इसलिए स्वस्थ लोगों द्वारा किया गया रक्तदान मानवता की सच्ची सेवा है।शिविर में पंजाब केसरी जिला ब्यूरो राजू सिंह राठौड़, वरिष्ठ पत्रकार गोपाल देवकर, समाजसेवी महेश चौहान, प्रियांक सिंह ठाकुर, सचिन गाढ़े, आकाश गायकवाड़, चंदन पवार, बसीर अहमद, इकबाल साहब, निजामउद्दीन, मोहम्मद अफजल, दुर्गेश विनोद मेढे, अंश टील्लानी सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।लाला जगत नारायण जी की पुण्यतिथि पर आयोजित यह शिविर मानवता, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दे गया।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...