बुरहानपुर जिले में नौतपा के आठवें दिन सोमवार शाम करीब 5 बजे मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी-तूफान के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने कुछ ही मिनटों में पूरे क्षेत्र का जनजीवन प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं और बारिश ने लोगों को संभलने का मौका भी नहीं दिया।
तेज बारिश और हवाओं के कारण शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई घरों में पानी घुसने से घरेलू सामान खराब हो गया, जबकि तेज हवाओं के चलते कई जगह टीन शेड और हल्के ढांचे उड़ गए।
बारिश और आंधी का असर ग्रामीण इलाकों में भी देखने को मिला। नेपानगर, घाघरला, हैदरपुर, डाभियाखेड़ा, दूधिया, गोराडिया और नावरा सहित कई क्षेत्रों में किसानों की केले की फसल को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा पशुपालकों के चारे और गौशालाओं में रखा सामान भी भीग गया।
कुछ दिनों से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहे तापमान के बीच इस बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है, लेकिन किसानों के लिए यह बारिश नुकसानदायक साबित हुई है। तेज हवाओं और पानी के कारण कई जगह फसलें प्रभावित हुई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज इसी तरह बदलता रह सकता है। विभाग ने 18 जून के बाद मानसूनी गतिविधियों के और तेज होने की संभावना जताई है, जिससे जिले में बारिश की स्थिति मजबूत हो सकती है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले भी शाहपुर क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान ने तबाही मचाई थी। लगातार बदलते मौसम से किसानों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है।