1. हिन्दी समाचार
  2. राजनीति
  3. विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ रथयात्रा शुरू, मंगल आरती में शामिल हुए अमित शाह

विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ रथयात्रा शुरू, मंगल आरती में शामिल हुए अमित शाह

अहमदाबाद शहर में भगवान जगन्नाथ की 146वीं रथयात्रा कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। इस रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान जगन्नाथ, उनके भाई बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा के रथ जमालपुर इलाके में स्थित 400 साल पुराने जगन्नाथ मंदिर से 18 किलोमीटर की रथयात्रा के लिए निकले। अमित शाह ने जमालपुर इलाके में ‘रथ यात्रा’ से पहले जगन्नाथ मंदिर की ‘मंगल आरती’ में हिस्सा लिया।

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ रथयात्रा शुरू, मंगल आरती में शामिल हुए अमित शाह

गुजरातः अहमदाबाद शहर में भगवान जगन्नाथ की 146वीं रथयात्रा कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। इस रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोने की झाड़ू से रथ का मार्ग साफ करने की रस्म के रूप में ‘पाहिंद विधि’ में भाग लिया। इसके बाद भगवान जगन्नाथ, उनके भाई बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा के रथ जमालपुर इलाके में स्थित 400 साल पुराने जगन्नाथ मंदिर से 18 किलोमीटर की रथयात्रा के लिए निकले। इस यात्रा के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अहमदाबाद में हैं। अमित शाह ने जमालपुर इलाके में ‘रथ यात्रा’ से पहले जगन्नाथ मंदिर की ‘मंगल आरती’ में हिस्सा लिया। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह आज कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। गौरतलब है कि अहमदाबाद में मनाई जाने वाली ‘रथ यात्रा’ उत्सव को पुरी की जगन्नाथ रथ यात्रा के बाद देश की दूसरी सबसे बड़ी रथ यात्रा मानी जाती है। जगन्नाथ यात्रा पुराने शहर से निकलकर जमालपुर, कालूपुर, शाहपुर और दरियापुर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरते हुए मंगलवार रात साढ़े आठ बजे तक मंदिर लौटेगी। रथयात्रा के मार्ग में सुरक्षा के लिए विभिन्न स्थानों पर शहर पुलिस, होमगार्ड, राज्य रिजर्व पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के 26,000 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है। गुजरात पुलिस ने पहली बार रथयात्रा में पूरे मार्ग पर निगरानी के लिए 3डी मैपिंग तकनीक का इस्तेमाल किया है और किसी भी अवैध ड्रोन को आने से रोकने के लिए ड्रोन-रोधी प्रौद्योगिकी का भी उपयोग किया जा रहा है।

विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ की सबसे बड़ी यात्रा उड़ीसा के पुरी में निकल रही है। बता दें कि यह यात्रा हर वर्ष आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीय तिथि से शुरू होकर आषाढ़ शुक्ल की दशमी तिथि तक चलती है।  देश विदेश से भक्त बड़ी संख्या में इस यात्रा में शामिल होने के लिए आते हैं और भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद पाते हैं। इसी दौरान आज दो केंद्रीय मंत्री रथ यात्रा में शामिल हुए। जिसमें सुबह रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पूरी पहुंचे। इससे पहले भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुरी पहुंचकर भगवान जगन्नाथ की आरती की थी। यह रथ यात्रा मंदिर से तकरीबन ढाई से तीन किमी दूर गुंडिचा मंदिर तक जाती है, जो कि उनकी मौसी का घर माना जाता है। इस रथ यात्रा में तकरीबन 25 लाख लोगों के आने की संभावना है। इस रथ यात्रा को गुंडिचा यात्रा भी कहते हैं।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...