1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. महिला आरक्षण बिल को लेकर सड़कों पर उतरी नारी शक्ति, कांग्रेस व विपक्षी दलों के खिलाफ हल्ला बोल

महिला आरक्षण बिल को लेकर सड़कों पर उतरी नारी शक्ति, कांग्रेस व विपक्षी दलों के खिलाफ हल्ला बोल

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि महिला आरक्षण सिर्फ राजनीति का मुद्दा नहीं, बल्कि सम्मान और स्वाभिमान का सवाल है।

By: Naredra 
Updated:
महिला आरक्षण बिल को लेकर सड़कों पर उतरी नारी शक्ति, कांग्रेस व विपक्षी दलों के खिलाफ हल्ला बोल

भोपालः महिला आरक्षण बिल को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। बीजेपी ने राजधानी के MVM ग्राउंड में “नारी शक्ति महा संकल्प रैली” का आयोजन किया, जिसमें नर्मदापुरम संभाग की करीब 25 हजार महिलाएं शामिल हुईं। रैली के बाद मुख्यमंत्री की अगुवाई में MVM ग्राउंड से रोशनपुरा तक जन आक्रोश पदयात्रा निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आज की लड़ाई कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि भोपाल की सड़कों पर बहनें अपने अधिकार और सम्मान के लिए उतरी हैं और महिलाओं में आत्मबल की कोई कमी नहीं है।

सीएम ने ऐतिहासिक उदाहरण देते हुए राजा राम मोहन राय और ज्योतिबा फुले के संघर्षों को याद किया। साथ ही उन्होंने कहा कि नारी अपना अपमान कभी नहीं भूलती और अब अपने हक के लिए एकजुट हो रही है। राजनीतिक हमला बोलते हुए उन्होंने प्रियंका गांधी के बयान “नारी हूं, लड़ सकती हूं” का जिक्र कर कांग्रेस पर महिलाओं के अधिकारों को कमजोर करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने राजीव गांधी के दौर के फैसलों को भी महिलाओं के सम्मान से जोड़कर आलोचना की।

वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि महिला आरक्षण सिर्फ राजनीति का मुद्दा नहीं, बल्कि सम्मान और स्वाभिमान का सवाल है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद सभी दल महिलाओं को अधिकार देने की बात करते रहे, लेकिन जब लागू करने का समय आया तो विपक्ष पीछे हट गया। खंडेलवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने का काम किया है और संसद में महिलाओं की बराबर भागीदारी सुनिश्चित करना चाहती है।

रैली में महिला मंत्री और कवियत्री अनामिका अंबर की भी मौजूदगी रही। बीजेपी इस आयोजन के जरिए प्रदेश में महिलाओं को संगठित कर विपक्ष के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।

भोपाल से संवाददाता सुनील मालवीय की रिपोर्ट

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...