बड़वानीः शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत जिले में इस वर्ष प्रथम चरण में सात विकासखंड में निजी स्कूलों की रिक्त सीटों के विरुद्ध दो गुना से अधिक आवेदन जमा हुए। ऐसे में प्रथम चरण में 2 हजार से अधिक बच्चे निशुल्क प्रवेश पाने में वंचित रहेंगे।
इसके बाद अभिभावकों की नजर अब द्वितीय चरण पर टिकी है। वहीं पहले चरण के लिए जिले की 257 निजी स्कूलों की रिक्त 1532 सीटों के विरुद्ध आवंटित की गई 1497 में से 1102 बच्चों के प्रवेश संपन्न हुए। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के सातों विकासखंड में इस वर्ष आरटीई में निशुल्क प्रवेश के लिए 4131 बच्चों के आवेदन फार्म ऑनलाइन जमा हुए थे। इसमें सत्यापन में 3708 शेष बचे। वहीं 3703 को प्रवेश के लिए अप्रूव किया गया।
वहीं 423 आवेदन का सत्यापन शेष है। हालांकि जिले की 257 स्कूल की 1532 सीटें ही रिक्त होने से 2 हजार से अधिक बच्चों के पालकों की चिंता बढ़ गई। वहीं ऑनलाइन माध्यम से 1497 सीटों का आवंटन किया गया। प्रथम चरण में आवंटित सीटों पर 15 अप्रैल तक प्रवेश प्रक्रिया चलेगी। उसके बाद आगामी माह में शेष आवेदक बच्चों के प्रवेश के लिए द्वितीय चरण की प्रक्रिया हो सकती है।
डीपीसी कार्यालय में आरटीई प्रभारी सुनील महाले के अनुसार प्रथम चरण में आवेदन सत्यापन उपरांत सीट आवंटित होकर अधिकांश प्रवेश भी हो चुके है। अब आगामी प्रवेश की प्रक्रिया द्वितीय चरण में हो सकती है। अभी द्वितीय चरण के कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए।
बड़वानी से संवाददाता लोकेश दावदे की रिपोर्ट