1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. वाराणसी: एक नागरिक के रूप में हमारा आचरण ही भारत के भविष्य को तय करेगा- PM मोदी

वाराणसी: एक नागरिक के रूप में हमारा आचरण ही भारत के भविष्य को तय करेगा- PM मोदी

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
वाराणसी: एक नागरिक के रूप में हमारा आचरण ही भारत के भविष्य को तय करेगा- PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंच गए हैं। सबसे पहले वह श्री जगद्गुरु विश्वराद्य गुरुकुल शतमानोत्सव गए। वहां पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि, संस्कृति और संस्कृत की संगम स्थली में आप सभी के बीच आना, मेरा लिए बहुत बड़ा सौभाग्य है। बाबा विश्वनाथ के सानिध्य में, मां गंगा के आंचल में, संत वाणी का साक्षी बनने का अवसर बार-बार नहीं मिलता।

साथ ही पीएम ने कहा कि,वीरशैव परंपरा वो है, जिसमें वीर शब्द को आध्यात्म से परिभाषित किया गया है। जो विरोध की भावना से ऊपर उठ गया है। वही वीरशैव है। यही कारण है कि समाज को बैर, विरोध और विकारों से बाहर निकालने के लिए वीरशैव परंपरा का सदैव आग्रह रहा है। भारत में राष्ट्र का ये मतलब कभी नहीं रहा कि किसने कहां जीत हासिल की, किसकी कहां हार हुई। हमारे यहां राष्ट्र सत्ता से नहीं, संस्कृति और संस्कारों से सृजित हुआ है, यहां रहने वालों के सामर्थ्य से बना है।

भक्ति से मुक्ति का मार्ग दिखाने वाले इस दर्शन को भावी पीढ़ी तक पहुंचना चाहिए। एक App के माध्यम से इस पवित्र ज्ञानग्रंथ का डिजिटलीकरण युवा पीढ़ी के जुड़ाव को और बल देगा, उनके जीवन की प्रेरणा बनेगा। जंगमवाड़ी मठ भावात्मक और मनोवैज्ञानिक रूप से वंचित साथियों के लिए प्रेरणा का माध्यम है। संस्कृत भाषा और दूसरी भारतीय भाषाओं को ज्ञान का माध्यम बनाते हुए, टेक्नॉलॉजी का समावेश आप कर रहे हैं, वो भी अद्भुत है। सरकार का भी यही प्रयास है कि संस्कृत सहित सभी भारतीय भाषाओं का विस्तार हो, युवा पीढ़ी को इसका लाभ हो।

देश सिर्फ सरकार से नहीं बनता बल्कि एक-एक नागरिक के संस्कार से बनता है। नागरिक के संस्कार को उसकी कर्तव्य भावना श्रेष्ठ बनाती है। एक नागरिक के रूप में हमारा आचरण ही भारत के भविष्य को तय करेगा, नए भारत की दिशा तय करेगा। मठों द्वारा दिखाए रास्ते पर चलते हुए, संतों द्वारा दिखाए रास्ते पर चलते हुए, हमें अपने जीवन के संकल्प पूरे करने हैं और राष्ट्र निर्माण में भी अपना पूरा सहयोग करते चलना है।

बता दें कि, छह घंटे के काशी प्रवास में पीएम मोदी देश की सबसे ऊंची पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण कर पड़ाव में स्मृति उपवन राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इससे पहले जंगमबाड़ी मठ में वीरशैव महाकुंभ में शामिल होंगे और पड़ाव में जनसभा के बाद हस्तकला संकुल में काशी एक रूप अनेक कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...