Uttrakhand News: उत्तराखंड में आज भी अधिक बारिश की संभावना जताई जा रही है। सुबह से हल्की धूप तो कभी बादल छाए थे, लेकिन दोपहर के बाद मौसम ने करवट बदली और बारिश शुरू हो गई। प्रदेश की राजधानी देहरादून, पहाड़ों की रानी मसूरी और यमुनोत्री धाम में मूसलाधार बारिश हो रही है।
दरअसल, अधिक बारिश के कारण मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी , पौडी, चंपावत और नैनीताल में यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि लोगों को इन दिनों बेहद सतर्क रहने की आवश्यकता है।
इसके साथ ही तेज बारिश होने से पर्वतीय जिलों के संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन होने की संभावना है।
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश होने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर आकाशीय बिजली चमकने के साथ कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना जताई है।
अधिक बारिश के चलते मार्गो की आवाजाही पर रोक लगा दिया गया है। इसके साथ ही कुछ राजमार्ग और मोटर मार्ग भी बंद कर दिए गए।
वही बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग वाहनों की आवाजाही भी ठप रही। नंदप्रयाग के पास भूस्खलन क्षेत्र में पहाड़ों से लगातार आ रहे मलबे के कारण हाइवे खुलने के अभी कोई आसार नहीं हैं।
अधिक बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्र के साथ ही मैदानी जिलों में भी कई संपर्क मार्ग बाधित चल रहे हैं। बारिश के कारण मलबा इकट्ठा हो जाने से दिल्ली -यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सहित क्षेत्र के तेरह मार्ग बंद रहे।
दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी अधिक जाम देखने को मिल रहा है।जिसकी वजह से जूडो के पास मार्ग बंद है। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड का कोटी-ढलानी- नंद की चौकी-आम वाला-धौलास मोटर मार्ग सड़क को कटाव के कारम बंद कर दिया गया है।