उत्तराखंड में जल्द ही टाटा समूह के माध्यम से विश्व स्तरीय कैंसर संस्थान खोला जाएगा। इसकी जानकारी टाटा समूह के प्रमुख रतन टाटा ने राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी को पत्र लिखकर दी है, कि जल्द ही उत्तराखंड में टाटा कैंसर संस्थान को स्थापित करने के लिए काम शुरू हो जाएगा।
अब टाटा समूह के प्रमुख रतन टाटा ने सांसद अनिल बलूनी को पत्र लिखकर कैंसर संस्थान खोलने की जानकारी दी है। प्रदेश मेें इस संस्थान के स्थापित होने से कैंसर से जूझ रहे मरीजों को बेहतर जांच, उपचार और ऑपरेशन आदि की सुविधा मिलेगी।

साथ ही आस-पास के शहरों में भी कैंसर का उच्चस्तरीय अस्पताल न होने के कारण, वहां के कैंसर मरीजों को भी खासी राहत मिलेगी। बलूनी ने कहा कि रतन टाटा का आभार जताते हुए कहा कि टाटा समूह ने कैंसर संस्थान के रूप में उत्तराखंड को एक बड़ा उपहार दिया है।
बलूनी ने अपने फेसबुक पेज पर वीडियो संदेश अपलोड कर कैंसर अस्पताल के संबंध में जानकारी साझा की। उन्होंने अपना वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि उत्तराखंड में कैन्सर के उपचार के लिए एक विश्व स्तरीय संस्थान हो इसके लिए प्रयास कर रहा हूँ।
राज्यसभा सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी ने बताया कि पिछले साल जब वे कैंसर का इलाज कराने के लिए मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती थे। तब यही सोचते थे कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हें जिस तरह का इलाज मिल रहा है, वैसा ही इलाज उत्तराखंड के लोगों को भी मिलना चाहिए।
इसके बाद उन्होंने कैंसर चिकित्सा में सस्ती, प्रमाणिक और विश्व स्तरीय उपचार की सुविधा देने वाले कैंसर इंस्टीट्यूट संस्थान व टाटा ट्रस्ट से संपर्क कर उत्तराखंड में कैंसर संस्थान खोलने का आग्रह किया। प्रदेश सरकार ने जून 2017 में टाटा ट्रस्ट के साथ कैंसर संस्थान के लिए एमओयू किया था।