रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
उत्तराखंड : उत्तराखंड में सियासी उठा- पटक का दौर चल पड़ा है । माना जा रहा है कि बीजेपी के कई पुर्व मुख्यमंत्री की तरह त्रिवेंद्र सिंह रावत भी अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएंगे । जिससे प्रदेश में जल्द ही नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें लगायी जा रही हैं । खबरों की मानें तो आज ही त्रिवेंद्र अपना इस्तीफा राज्यपाल बेबी रानी मौर्या को सौंप सकते है। ऐसा कयास लगाया जा रहा है कि त्रिवेंद्र सिंह रावत के बाद धन सिंह रावत सीएम का पद संभाल सकते है।
दरअसल, सीएम रावत को लेकर बीजेपी के कई विधायकों में नाराजगी है । माना जा रहा है कि यह नाराजगी त्रिवेंद्र सिंह रावत को उनकी सीएम की कुर्सी से दूर कर सकता है । बता दें कि मुख्यमंत्री को दिल्ली तलब किए जाने के बाद से ये कयास लगाए जा रहे हैं ।
अगर मुख्यमंत्री रावत अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाते हैं तो यह पहला मौका नहीं होगा जब मुख्यमंत्री के तौर पर बीजेपी का कोई नेता अपना कार्यकाल पूरा न कर पाया हो । बल्कि ऐसा कभी नहीं हुआ है, जब सीएम पद पर बीजेपी का कोई नेता उत्तराखंड में अपना कार्यकाल पूरा करने में सफल रहा हो । यह कार्यकाल न पूरा करने का सिलसिला उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड के अलग होने के बाद से ही बरकरार है । आपको बताते चलें कि बीजेपी अब तक तीन बार उत्तराखंड सत्ता में काबिज हुई है ।